KCG

घुमका में विधायक हर्षिता स्वामी बघेल का औचक निरीक्षण

सत्यमेव न्यूज़ घुमका। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने घुमका नगर पंचायत क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर विभिन्न शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य शिक्षा कानून-व्यवस्था राजस्व सर्वे और नगरीय सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से हुई जहां विधायक ने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी सुविधा शुरू कराने के प्रयास करने की बात कही साथ ही स्वीकृत पदों के अनुरूप चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए शासन स्तर पर पहल का आश्वासन दिया है। इसके बाद विधायक स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचीं। विद्यालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। स्वच्छता का संदेश देने के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं कक्षा में झाड़ू लगाई।

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को सभी विषयों की पाठ्यपुस्तकें अब तक नहीं मिलने पेयजल की अपर्याप्त व्यवस्था नए भवन में विद्युत वायरिंग की खराब स्थिति और क्षतिग्रस्त विद्युत बोर्ड जैसी समस्याओं पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र सुधार के निर्देश दिए। विधायक ने घुमका पुलिस चौकी में नवपदस्थ थाना प्रभारी अब्दुल समीर से मुलाकात कर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया है। पट्टा वितरण के लिए गठित संयुक्त सर्वे दल के साथ बैठक में उन्होंने सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से करने के निर्देश दिए ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। नगर पंचायत कार्यालय में निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्ञानेश्वर टंडन को सभी वार्डों में नियमित सफाई पेयजल विद्युत तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दौरे के अंतिम चरण में विधायक ने स्थानीय बाजार का भ्रमण कर नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनी। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष फूलमती वर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दुर्गेश दुबे, पार्षद कुमार बघेल, गौरव शर्मा, उषा वर्मा, मंडल अध्यक्ष खेमचंद वर्मा, नारायण वर्मा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page