
छात्र खिलाड़ी मैदान में बहा रहे पसीना
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में आयोजित ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर 2026 में बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में संचालित शिविर में बड़ी संख्या में बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग लेकर नियमित अभ्यास कर रहे हैं। शिविर में खिलाड़ियों को फुटबॉल की बुनियादी तकनीक, बॉल कंट्रोल, पासिंग, फिटनेस और टीम समन्वय का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ी सुबह-शाम मैदान में जमकर अभ्यास कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिविर में बालिकाओं की सहभागिता भी उत्साहजनक रही। युवा खिलाड़ी पूरे जोश और ऊर्जा के साथ मैदान में अभ्यास करते नजर आए। ग्रामीण अंचल के बच्चों में फुटबॉल के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के लिए बेहतर मंच साबित हो रहा है।
प्रशिक्षक शितांशु गुप्ता ने बताया कि ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य बच्चों में खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें अनुशासन, फिटनेस एवं टीम भावना के प्रति जागरूक करना है। शिविर में खिलाड़ियों को फुटबॉल की तकनीकी बारीकियों के साथ नियमित अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि बालक एवं बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी उत्साहजनक है और खिलाड़ियों में सीखने की ललक साफ दिखाई दे रही है।
खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य बच्चों को खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को सही दिशा देना है। खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायी प्रयास बताया।