KCG

ग्रीन-डे सेलिब्रेशन पर अल्फा नेशनल मॉडल स्कूल में नन्हे बच्चों ने किया पौधारोपण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अंचल में लगातार हो रही बारिश के बीच नगर के प्रतिष्ठित अल्फा नेशनल मॉडल स्कूल में ग्रीन-डे सेलिब्रेशन उत्साह और पर्यावरण जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में विशेष पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया जिसमें नन्हे छात्र-छात्राओं ने स्वयं पौधे लगाकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर की विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं द्वारा संचालित आत्मनिर्भर अभियान के सदस्य भी शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। ग्रीन-डे के अवसर पर छात्र-छात्राएं अपने साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लेकर विद्यालय पहुंचे। संस्था की प्राचार्य नुसरत बानो के नेतृत्व में बच्चों ने विद्यालय परिसर एवं नए गमलों में मनी प्लांट, स्नेक प्लांट सहित फूलदार और ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर आत्मनिर्भर अभियान के सदस्य अनुराग शांति तुरे ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वृक्ष पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन, स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन के आधार हैं। उन्होंने बच्चों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। विद्यालय की प्राचार्य नुसरत बानो ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। पौधारोपण के दौरान छात्रों ने भारत माता की जय, छत्तीसगढ़ महतारी की जय और पौधे लगाओ प्रकृति बचाओ का उत्साह पूर्वक नारा लगाया। कार्यक्रम में शिक्षिकाएं रूपा यादव, नफीशा बानो, नौशिदा अली, महक यादव, लेखा देवांगन, भाविका बैस, यामिनी गौतम, साक्षी बैस, मेघा यादव, शुभद्रा साहू, हेमा साहू एवं चंद्रप्रभा साहू सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा वहीं आत्मनिर्भर अभियान के सदस्य समसूल होदा खान, पार्षद एवं सामाजिक कार्यकर्ता रूपेंद्र रजक, अमीन मेमन, वंदना टांडेकर, श्री रजक तथा अन्य सेवाभावी नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page