
तीन गांवों में गणेश पंडालों से कलश, थाली समेत पूजन सामग्री चोरी
चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी
खैरागढ़। गणेश उत्सव के बीच खैरागढ़ थाना क्षेत्र में चोरों ने अब भगवान के पंडालों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। थाना क्षेत्र के सरागोंदी, आमदनी और भोरामपुर गांव में अलग-अलग गणेश पंडालों से कलश, थाली समेत अन्य पूजन सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। एक साथ तीन गांवों में हुई चोरी की घटनाओं से गणेश उत्सव समितियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी और ग्रामीण खैरागढ़ थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन सौंपकर अज्ञात चोरों का पता लगाने और मामले की जांच की मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक गणेश उत्सव के दौरान पंडालों में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद पंडालों से पूजन सामग्री चोरी होने से श्रद्धालु सकते में है।ग्रामीणों का कहना है कि चोरी गई सामग्री भले ही सामान्य पूजन सामग्री हो लेकिन गणेश प्रतिमा के पास से सामान चोरी किए जाने से धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। तीन अलग-अलग गांवों में समान तरह की घटनाएं सामने आने के बाद ग्रामीणों को आशंका है कि इसके पीछे एक ही गिरोह सक्रिय हो सकता है। पुलिस जुटी जांच मेंशिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। पुलिस द्वारा घटनास्थलों की जानकारी जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी लेने की संभावना है। अब पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि तीनों गांवों में हुई चोरी की घटनाओं के बीच कोई आपसी संबंध है या नहीं।