

पुलवामा के वीरों को किया गया नमन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिकों की याद में शुक्रवार को दाऊचौरा स्थित शहीद निकेश यादव स्मारक परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। एक दिया शहीदों के नाम अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के नागरिकों ने दीप एवं मोमबत्तियां प्रज्ज्वलित कर वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल लोगों ने देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में शहीद जवानों की अमर गाथा को स्मरण किया और शहीद अमर रहें के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस दौरान खैरागढ़ पुलिस परिवार के जवानों का तिरंगा बैज लगाकर सम्मान भी किया गया। उपस्थित नागरिकों ने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान रूपेश देवांगन ने कहा कि देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों का योगदान सदैव समाज के लिए प्रेरणा बना रहेगा। ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यबोध की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम का संचालन जहीन खान द्वारा किया गया वहीं जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वंदना तांडेकर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुरुषोत्तम यादव, राजेश चंदवानी, भूखन सारथी, अजय आचार्य, प्रशांत सहारे, यतीश साहू, नीलेश यादव, पार्षद पुष्पा सिंदूर, उत्तम बागड़े, समसुल होदा खान, किशोर शर्मा, नरोत्तम उर्वशा, अमीन मेमन, सूर्यकांत यादव, दिनेश टांडेकर, नितेश जैन, नीलम राजपूत सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं वार्डवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम गरिमामय एवं शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।