
53 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाने का लक्ष्य
जिले में 213 बूथ में 427 टीकाकरण दल होंगे तैनात

854 स्वास्थ्यकर्मी और 43 पर्यवेक्षक अभियान को बनाएंगे सफल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल अस्पताल खैरागढ़ में किया गया। विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की और अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की अतिरिक्त खुराक अवश्य दिलाएं। अभियान के अंतर्गत जिले में 53,344 बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दिन ग्रामीण क्षेत्रों एवं चयनित शहरी वार्डों में स्थापित 213 पोलियो बूथों पर टीकाकरण किया गया जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक वैक्सीन पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है, उन्होंने नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने की अपील की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आशीष शर्मा ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिले में 213 बूथ, 427 टीकाकरण दल, 854 स्वास्थ्यकर्मी तथा 43 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले दिन बूथों तक नहीं पहुंच पाने वाले बच्चों को 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाएंगी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.बोधन सिंह परते ने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन विश्व के कुछ देशों में अब भी पोलियो वायरस सक्रिय है। ऐसे में प्रत्येक अभियान के दौरान सभी बच्चों को अतिरिक्त खुराक दिलाना आवश्यक है ताकि देश की पोलियो मुक्त स्थिति सुरक्षित बनी रहे। कार्यक्रम में बीएमओ डॉ.विवेक बिसेन, मेडिकल ऑफिसर डॉ.पंकज वैष्णव, खिलेश साहू, नवीन चौहान, कीर्ति चतुर्बिदानी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।