

भाजपा नेता व जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने किया भूमिपूजन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में शिक्षा के लिये अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए 4 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नालंदा परिसर का भूमिपूजन रविवार को विधिवत संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। समारोह को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले को नालंदा परिसर की सौगात देना शिक्षा के क्षेत्र में दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा सांसद संतोष पांडे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार नवगठित जिले के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नालंदा परिसर के निर्माण से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को शांत सुव्यवस्थित और आधुनिक अध्ययन वातावरण मिलेगा।

इससे जिले में शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा युवाओं को बेहतर संसाधन स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी घम्मन साहू, टीके चंदेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री नीलिमा गोस्वामी, देवीन बाई कोठले, मोनिका रजक, कृष्णा वर्मा, शशांक ताम्रकार, नंद चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, कीर्ति वर्मा, विनय देवांगन, रूपेंद्र रजक, हर्ष वर्मा, अनुज देवांगन, आलोक श्रीवास, हरप्रसाद वर्मा, केशव चंदेल और प्रेमसागर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित जनों ने नालंदा परिसर को जिले में शिक्षा के विस्तार और गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।