
एक दिवसीय कार्यशाला में शामिल हुए स्काउटर-गाइडर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खैरागढ़ में एक दिवसीय स्काउटर-गाइडर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त स्काउट मुकुल साव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में डाइट प्राचार्य श्रीमती निहारिका कर्महे मुख्य अतिथि रही। अध्यक्षता राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पांडे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेश कुमार ओझा एवं नरेंद्र प्रसाद देशकर उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्काउट गाइड आंदोलन की उपयोगिता अनुशासन और युवाओं के व्यक्तित्व विकास में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में सरिता पांडे एवं सरस्वती गिरिया ने प्रतिभागियों को संगठन की नई योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान नवीन राज्य पुरस्कार योजना, न्यू यूथ प्रोग्राम सदस्यता विस्तार वारंट चार्टर बीएसजी इवेंट्स नए बैज उपलब्धियां तथा यूनिफॉर्म संबंधी दिशा-निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट धनुष सिन्हा, जिला संगठन आयुक्त गाइड ललिता कोसारे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट विशाल ठाकुर, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड शकुंतला ठाकुर, विकासखंड सचिव सुनील गुनी सहित राजनांदगांव एवं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से 47, राजनांदगांव जिले से 28 तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से 17 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके अलावा 2 रोवर्स और 2 रेंजर्स सहित कुल 96 स्काउटर एवं गाइडर उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने संगठन को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन सीखने और संगठनात्मक विकास का वातावरण देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक साबित हुई।

