

सत्यमेव न्यूज राजनांदगांव। जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत प्रशासन ने विकासखंड राजनांदगांव के ग्राम खुटेरी में 3.28 एकड़ शासकीय घास मद की भूमि से अवैध कब्जा हटाया। यह कार्रवाई कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने की है।
प्रशासन को मिली शिकायत में बताया गया था कि फगन सतनामी सूर्यभान बंजारे और तोपसिंह सतनामी ने शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर फसल बो दी थी। शिकायत की जांच में मामला सही पाए जाने के बाद राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर से मेड़ हटाई और खेत की जुताई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। कार्रवाई के दौरान संबंधित किसानों को भविष्य में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि सार्वजनिक संपत्तियों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




