
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अधिकारों किसानों की सुरक्षा और संवैधानिक प्रावधानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय में अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष एड. शेखू वर्मा के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर संयुक्त कलेक्टर सुमन राज को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर में ओबीसी वर्ग के लिए समान रूप से 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने आगामी राष्ट्रीय जनगणना-2027 में ओबीसी की पृथक गणना कराने तथा आरक्षण व्यवस्था को संवैधानिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि आबादी में बड़ी हिस्सेदारी होने के बावजूद ओबीसी समाज को शिक्षा सरकारी सेवाओं और अन्य क्षेत्रों में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। इसलिए सभी संवैधानिक संस्थाओं एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में प्रभावी रूप से आरक्षण लागू किया जाए तथा इसे संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाए। महासभा ने छत्तीसगढ़ में भी लंबित 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को शीघ्र प्रभाव से लागू करने की मांग दोहराई। साथ ही वर्ष 2027 की जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए पृथक कोड निर्धारित कर वास्तविक आंकड़ों के आधार पर योजनाएं तैयार करने पर जोर दिया गया है। संभाग अध्यक्ष विप्लव साहू ने किसानों की कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए ओबीसी कृषि भूमि संरक्षण अधिनियम बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि ओबीसी किसानों की कृषि भूमि के हस्तांतरण पर स्पष्ट कानूनी प्रावधान बनाए जाएं तथा विशेष परिस्थितियों में अन्य वर्ग को भूमि हस्तांतरित करने से पहले जिला कलेक्टर की अनुमति अनिवार्य हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर फर्जी दस्तावेजों और अनुचित तरीकों से किसानों की जमीनों की खरीद फरोख्त की जा रही है। ऐसी शिकायतों की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई और अवैध रजिस्ट्रियों को निरस्त करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। ज्ञापन सौंपने के बाद एड. शेखू वर्मा ने कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो ओबीसी महासभा प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक न्याय संवैधानिक अधिकारों और किसानों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान ज्योति जंघेल, एड. महेंद्र साहू, भुनेश्वर वर्मा, यूगेश सिन्हा, ओमकार यादव, शिवेंद्र वर्मा, खगेश वर्मा, पुष्पेंद्र वर्मा, खेमराज वर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
