ओबीसी आरक्षण में भेदभाव को लेकर कांग्रेस करेगी धरना प्रदर्शन
छुईखदान में होगा कांग्रेस का जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ओबीसी आरक्षण में भेदभाव को लेकर कांग्रेस धरना प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस का जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन छुईखदान में 16 जनवरी को दोपहर 1.00 बजे होगा। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पं.मिहिर झा ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकरे के मार्गदर्शन में ओबीसी आरक्षण में हुए भेदभाव को लेकर कांग्रेस जंबो धरना प्रदर्शन करेगी। बताया गया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव 2025 में आरक्षण व्यव्यथा के तहत वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए हुए आरक्षण में एक भी पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है। इस तरह पिछड़ा वर्ग के लोगों के साथ हो रहे घोर अन्याय के विरोध में जिला स्तरीय एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन शहीद नगरी छुईखदान में किया गया है। उक्त धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में जिले में निवासरत वरिष्ठ कांग्रेस जन, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला, ब्लॉक पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, एनएसयूआई, सेवादल सहित कांग्रेस के समस्त मोर्चा संगठन प्रकोष्ठ विभाग के जिला, ब्लॉक, अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी गण, नगर पालिका, नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद, पूर्व एल्डरमैन, त्रिस्तरीय पंचायती राज के जिला, जनपद, ग्राम पंचायत के कांग्रेस समर्पित निर्वाचित सदस्यों सहित प्रमुख रूप से बूथ, जोन, सेक्टर प्रभारी व कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता उपस्थित होंगे।