
पुलिस ने आरोपियों की बाइक भी की जब्त
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ठेलकाडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 80 पौवा देशी शराब और परिवहन में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति मोटर साइकिल से अवैध रूप से देशी शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम मरकामटोला मोड़ के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन सवार युवकों ने अपना नाम गौरव योगी (20 वर्ष) और प्रकाश पटेल (25 वर्ष), निवासी दाउदौरा खैरागढ़ बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से 40 पौवा शोले प्लेन तथा 40 पौवा सुपर-36 प्लेन देशी शराब बरामद हुई। कुल 80 पौवा शराब की मात्रा 14.4 बल्क लीटर पाई गई जिसकी अनुमानित कीमत 6,400 रुपये बताई गई है। आरोपियों से शराब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब और मोटर साइकिल को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ ठेलकाडीह थाना में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
