Advertisement
Uncategorized

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला भाजपा कार्यालय में अटल स्मृति वर्ष के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में पूर्व प्रधानमंत्री पं.अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया। कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष एवं खैरागढ़ भाजपा विधानसभा प्रभारी संदीप शर्मा रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पं.दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। जिला भाजपा अध्यक्ष बिशेषर साहू ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि अटल स्मृति वर्ष के माध्यम से भाजपा अपने वैचारिक आधार और राष्ट्रवादी चिंतन को नई पीढ़ी तक पहुंचा रही है। उन्होंने जिला संगठन की गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पं.अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं बल्कि संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राष्ट्रनायक थे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने कठिन परिस्थितियों में भी लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से उन्होंने भारत की सामरिक शक्ति को विश्व पटल पर स्थापित किया वहीं भारत-पाकिस्तान बस सेवा की शुरुआत कर शांति, संवाद और सद्भाव का संदेश दिया। विक्रांत सिंह ने कहा कि अटल जी का नेतृत्व ऐसा था, जिसने राजनीतिक विरोधियों को भी सम्मान देना सिखाया और देश को विकास के नए पथ पर अग्रसर किया। मुख्य वक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि अटल स्मृति वर्ष संगोष्ठी का उद्देश्य अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अटल जी के शिक्षक परिवार में जन्म, ग्वालियर में शिक्षा, संघ से जुड़ाव और जनसंघ के गठन में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन ने किया। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page