
खैरागढ़ में पहली बार महोत्सव में फहरेगा 51 फीट ऊँचा तिरंगा
नागरिक एकता मंच की पहल-राष्ट्रभक्ति से सराबोर होगा महोत्सव
अम्बेडकर चौक बना राष्ट्रीय एकता का नया केंद्र
तिरंगे की शान से महोत्सव को मिलेगा नया आयाम
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कला और सभ्यता की धरती कहे जाने वाले संगीत नगरी खैरागढ़ में इस बार खैरागढ़ महोत्सव राष्ट्रीय भावनाओं के असाधारण उल्लास से ओतप्रोत होगा। हमर खैरागढ़-हमर तिरंगा के संकल्प को साकार करते हुए आत्मनिर्भर खैरागढ़ अभियान के तहत नागरिक एकता मंच द्वारा वर्षों से ध्वजारोहण की परंपरा को इस वर्ष एक भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी है। वर्ष 2021 से संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव अम्बेडकर चौक और इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर मंच द्वारा 51 फीट ऊँचा तिरंगा फहराया जा रहा है। इस परंपरा को अब खैरागढ़ महोत्सव का अभिन्न अंग बनाया जा रहा है।

कुलपति से प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य भेंट
नागरिक एकता मंच के संयोजक उत्तम कुमार बागड़े ने बताया कि इस वर्ष से महोत्सव के शुभारंभ पर भी अम्बेडकर चौक में 51 फीट ऊँचे तिरंगे का ध्वजारोहण किया जाएगा। इसी प्रस्ताव को लेकर मंच का प्रतिनिधिमंडल शांतिदूत संस्था के संयोजक एवं मंच के स्वयंसेवी अनुराग शांति तुरे के नेतृत्व में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की ऊर्जावान कुलपति प्रो.डॉ.लवली शर्मा से मिला। चर्चा के दौरान कुलपति महोदया ने प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि इससे उत्कृष्ट और सुंदर क्या हो सकता है कि महोत्सव का शुभारंभ राष्ट्रभक्ति की गरिमा और 51 फीट ऊँचे तिरंगे की शान के साथ हो। यह संगीत नगरी खैरागढ़ में भारतीयता के सम्मान को स्थायी स्वरूप देगा।
महोत्सव में जुड़ेगा राष्ट्रभक्ति का नया अध्याय
प्रतिनिधिमंडल में शामिल वरिष्ठ स्वयंसेवी समसुल होदा खान, नितेश जैन, गोविन्द सोनी, मंगल सारथी, वंदना टांडेकर, नीलम राजपूत, अमीन मेमन, आकाश तिवारी एवं ज़हीन खान ने कुलपति के उदार और प्रेरक नेतृत्व के प्रति आभार जताया। ज्ञात हो कि बुधवार 19 नवंबर की सुबह 8.30 बजे कुलपति प्रो.डॉ. लवली शर्मा विश्वविद्यालय परिवार की उपस्थिति में बतौर मुख्य अतिथि तिरंगा फहराएँगी। यह आयोजन खैरागढ़ महोत्सव में राष्ट्रभक्ति का एक नया अध्याय जोड़ते हुए नगरवासियों को एकता, समरसता और देशप्रेम का सशक्त संदेश देने जा रहा है।