KCG

हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ जगन्नाथ उत्सव, विद्यार्थियों ने खींचा रथ

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। माइलस्टोन पब्लिक स्कूल खैरागढ़ में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान जगन्नाथ की महिमा का गुणगान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भगवान श्री जगन्नाथ से जुड़ी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक जानकारियां साझा कीं। किसी ने संस्कृत श्लोकों का पाठ किया तो किसी ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथों के नाम एवं उनके स्वरूप की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। विद्यालय परिसर में भगवान श्री जगन्नाथ का आकर्षक रथ तैयार किया गया, जिसमें भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रस्सी के माध्यम से रथ खींचकर रथयात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भगवान जगन्नाथ की महिमा पर आधारित भजन, गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की परंपरा, भारतीय संस्कृति तथा आध्यात्मिक मूल्यों से भी अवगत कराया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ.प्रफुल्ल चरण नायक ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सेवा, प्रेम और आपसी सद्भाव की भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को जगन्नाथ उत्सव की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। समापन पर सभी ने भगवान श्री जगन्नाथ से सुख, शांति, समृद्धि एवं राष्ट्र की उन्नति की कामना की गई।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page