
खैरागढ़। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र देवांगन के मार्गदर्शन में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का जिला स्तरीय आयोजन पीएमश्री डॉ.पपु बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय खैरागढ़ में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया। इस वर्ष का मुख्य विषय सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जिला समन्वयक संजय श्रीवास्तव ने स्वागत एवं उद्घाटन उद्बोधन में बाल विज्ञान कांग्रेस के उद्देश्यों और महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासु बनने तथा समाज और पर्यावरण के हित में अनुसंधान करने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में जिले के विद्यार्थियों द्वारा जूनियर वर्ग के 21 एवं सीनियर वर्ग के 29 सहित कुल 50 परियोजनाएं प्रस्तुत की गईं।कार्यक्रम में मनोहर चंदेल, अनुराग सिंह, रविन्द्र चावड़ा, सतेन्द्र कौशिक, चन्द्रहास देवांगन, बीडी जोशी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, व्याख्याता एवं मार्गदर्शक शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान एवं नवाचार की भावना विकसित करना तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
