
ग्राम स्तर पर आवास, रोजगार, आजीविका और जल संरक्षण योजनाओं की समीक्षा; लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले की 221 ग्राम पंचायतों में सोमवार को चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ लंबित प्रकरणों के निराकरण और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान वीबी-जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। आवास निर्माण में तेजी लाने हितग्राहियों को समय पर राशि उपलब्ध कराने तथा लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए QR कोड के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही गई।

इसके माध्यम से स्वीकृत कार्यों उनकी प्रगति और योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया। बैठकों में मनरेगा के प्रगतिरत कार्यों को समय पर पूरा करने तथा ग्रामीणों की मांग के आधार पर नए कार्य शुरू करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर प्राथमिकता वाले कार्यों का चयन कर दिसंबर 2026 तक उन्हें पूर्ण कराने पर जोर दिया गया। इसके अलावा आजीविका डबरी नवा तरिया और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीणों को कृषि मत्स्य पालन पशुपालन सहित अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में कार्ययोजना बनाने पर चर्चा की गई। जल संरक्षण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के साथ योजनाओं में पारदर्शिता गुणवत्ता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।