KCG

20 फीट का पाइप बना मौत का कारण: हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत

सत्यमेव न्यूज जालबांधा। खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग के समीप शनिवार को एक हृदयविदारक हादसे में हाई वोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान घुमर्रा निवासी बिसनाथ वर्मा पिता–मायाराम वर्मा के रूप में हुई है। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते था। जानकारी अनुसार बिसनाथ वर्मा अपने ई-रिक्शा में लगभग 20 फीट लंबा पाइप लोड करने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान पाइप को सीधा ऊपर उठाने पर वह ऊपर से गुजर रही करीब 1100 वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। पाइप के बिजली लाइन से स्पर्श होते ही उसमें तेज करंट प्रवाहित हो गया जिससे बिसनाथ वर्मा उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन करंट का झटका इतना तीव्र था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक फैल गया है वहीं बिसनाथ की असमय मृत्यु से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि आबादी एवं आवागमन वाले क्षेत्रों में विद्युत लाइनों के आसपास सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा लोगों को विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति नियमित रूप से जागरूक किया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page