
जंगल के रास्ते बिना चारा-पानी के पशुओं को ले जाने की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी मवेशियों को गौसेवा समिति के सुपुर्द किया
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। पशुओं की अवैध तस्करी और उनके साथ क्रूरता के खिलाफ छुईखदान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 भैंस सहित मवेशियों को बरामद कर श्रीराम गौसेवा समिति छुईखदान के सुपुर्द किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल के रास्ते पशुओं को रस्सी से बांधकर और डंडे से मारते-पीटते हुए बिना चारा-पानी के महाराष्ट्र स्थित कत्लखाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने माधवभट्ट जंगल के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पीरज उईके पिता हीरालाल उईके उम्र 26 वर्ष, संदीप देहारे पिता झाडूराम देहारे उम्र 32 वर्ष और राधेलाल गोड़ पिता किशन लाल गोड़ उम्र 50 वर्ष, निवासी चीसटोला पोस्ट पिपरिया थाना साल्हेकसा जिला गोंदिया महाराष्ट्र को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 20 मवेशी बरामद किए। पशुओं को सुरक्षित रूप से श्रीराम गौसेवा समिति छुईखदान के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय छुईखदान में पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
