Uncategorized

2.75 लाख दीयों से रोशन हुआ खैरागढ़ जिला

अटल उद्यान में 8 हजार दीपों की रोशनी के बीच सेवा संकल्प अभियान शुरू खैरागढ़। सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान-2026 का गुरुवार को जिले में शुभारंभ हुआ। अभियान के पहले दिन ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शाम 7 बजे खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में करीब 2 लाख 75 हजार दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित अटल गार्डन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 8 हजार दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी से अटल गार्डन का पूरा परिसर जगमगा उठा। अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह की अध्यक्षता में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष डॉ.राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, जिला पंचायत सभापति अरुणा राजू सिंह, दिनेश वर्मा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लखन साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अभियान के जिला नोडल अधिकारी प्रेम कुमार पटेल भी उपस्थित थे।

कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में जिला प्रशासन ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, महिला एवं युवा समूहों, ग्राम संगठनों तथा विभिन्न संस्थाओं को जोड़ा। शाम 7 बजे जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। 221 ग्राम पंचायतों के साथ ग्राम पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, स्वास्थ्य केंद्रों, शासकीय कार्यालयों, अटल चौक, ग्राम संगठनों और स्वच्छता समूहों द्वारा दीप जलाए गए। शहीद स्मारकों, पुलिस थानों, कैंपों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी दीपों की श्रृंखला सजाई गई। नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के प्रमुख स्थलों पर 15 हजार, नगर पंचायत छुईखदान में 5 हजार और नगर पंचायत गंडई में 5 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय के अटल गार्डन में 8 हजार दीप जलाए गए। इसके अलावा ग्राम पंचायतों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवा समूहों और ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। एक ही समय पर जिले के विभिन्न हिस्सों में दीप प्रज्ज्वलित होने से गांवों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक रोशनी का मनोहारी दृश्य दिखाई दिया।सेवा संकल्प अभियान-2026 के प्रथम दिवस आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता की भावना को सामने रखा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए करीब 2.75 लाख दीपों के माध्यम से अभियान की शुरुआत व्यापक जनभागीदारी के साथ हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page