टॉप न्यूज़राजनांदगांव

खैरागढ़ थाने में विशाल रक्तदान शिविर संपन्न

सत्यमेव न्यूज़/खैरागढ़. खैरागढ़ थाने में मंगलवार 7 जून को निजात नारकोटिक्स ड्रग्स एवं अवैध नशे के खिलाफ एक अभियान नशीले पदार्थो को ना, जिंदगी को हां अभियान के तहत विशाल रक्तदान शिविर संपन्न हुआ. बालाजी ब्लड बैंक भिलाई वन्देमातरम समिति के सहयोग से एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में 60 लोगों ने रक्तदान कर अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी सुनिश्चित की. आयोजित शिविर का उद्घाटन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की पुलिस ओएसडी आईपीएस अंकिता शर्मा, थाना प्रभारी नीलेश कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधियों के द्वारा किया गया. बालाजी ब्लड सेंटर के मेडिकल टीम के द्वारा सबसे पहले रक्तदान शिविर में पहुंचे स्वैच्छिक रक्तदाताओं के ब्लड गु्रप की जांच की गई तत्पश्चात रक्तदान संपन्न किया.

शिविर में थाना के जवानों के साथ शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने रक्तदान किया. आईपीएस अंकिता शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के साथ अन्य कई बीमारियों से निजात पाने के लिये ब्लड एकत्रित करने की अधिक आवश्यकता है. रक्त का कोई विकल्प नहीं है, रक्त की कमी को सिर्फ रक्त से ही पूरा किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढक़र कोई दान नहीं है. रक्तदान शिविर के डारेक्टर विलियम पैंकरा ने कहा कि रक्त दान करने से शरीर को नई उर्जा मिलती है. इससे पूर्व की अपेक्षा शरीर में ज्यादा खून बनता है.

टीआई नीलेश कुमार पांडे ने कहा कि व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिये क्योंकि प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शरीर में मौजूद व्यर्थ ब्लड निकल जाता है. रक्तदान से शरीर पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता. एक स्वस्थ व्यक्ति को तीन महीने में एक बार रक्तदान करना चाहिये. शिविर में एसआई प्रियंका पैंकरा, मेजर गन्नू लाल साहू, चुन्नी साहू, संजय कौशिक, अख्तर मिर्जा, शिव कुमारी जगत, महेन्द्र जैन, प्रमोद सालेचा, धर्मेन्द्र सांखला, दिलीप श्रीवास्तव व मयूरी सिंह सहित नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page