छत्तीसगढ़

पीएम आवास निर्माण की राह हुई आसान, महिला सरपंच की पहल से फिर शुरू होगा काम

सत्यमेव न्यूज जालबांधा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकान के निर्माण में आ रही कानूनी बाधा दूर होने के बाद ग्राम पंचायत बफरा की हितग्राही लता बाई पाठक को बड़ी राहत मिली है। प्रशासनिक स्तर पर मामले के निराकरण के बाद अब उनके अधूरे आवास का निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो सकेगा। जानकारी अनुसार लता बाई पाठक का प्रधानमंत्री आवास ग्राम की आबादी भूमि स्थित खसरा नंबर 598 में बनाया जा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान एक पक्ष द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने पर तहसील न्यायालय से स्थगन आदेश जारी हो गया था जिसके चलते मकान का निर्माण बीच में ही रुक गया। इससे हितग्राही परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और लंबे समय तक अधूरे आवास की समस्या का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत बफरा की सरपंच सरोजनी विजय लहरे ने पहल करते हुए विषय को जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया। उन्होंने कलेक्टर को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पात्र हितग्राही को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रशासन ने पटवारी प्रतिवेदन सहित उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर मामले की जांच की। जांच में स्थिति स्पष्ट होने के बाद प्रकरण का निराकरण किया गया जिससे आवास निर्माण कार्य पुनः शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हो गया। निर्णय के बाद लता बाई पाठक एवं उनके परिवार ने राहत व्यक्त करते हुए प्रशासन और ग्राम पंचायत का आभार जताया। सरपंच सरोजनी विजय लहरे ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और पात्र हितग्राहियों के हितों की रक्षा के लिए पंचायत लगातार प्रयास करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page