
प्रतिभावान छात्रों को किया गया पुरस्कृत
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़ा के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पोस्टर निर्माण एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जनसंख्या स्थिरता परिवार नियोजन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ समाज जैसे विषयों पर रचनात्मक प्रस्तुतियां देकर जनजागरूकता का संदेश दिया है। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित जनसंख्या छोटे एवं स्वस्थ परिवार के महत्व तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों से इन संदेशों को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया है।


इस दौरान छात्र-छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) और उससे बचाव के लिए उपलब्ध निःशुल्क टीकाकरण की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बन सकता है जबकि समय पर लगाया गया टीका इस गंभीर बीमारी से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। विद्यार्थियों को बताया गया कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं अपने निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण करा सकती हैं। साथ ही उनसे अपने परिवार और आसपास की पात्र बालिकाओं को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरता परिवार नियोजन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और जनस्वास्थ्य अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया है।