
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया. राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में रविवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बिजली कार्यालय परिसर में लगे दो हाई वोल्टेज तार के आपस में टकराने से निकली चिंगारी सूखी घास पर गिर गई और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से पूरे परिसर में फैलने लगी। आग की लपटें आसपास के मकानों की ओर बढ़ने लगीं जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने पास के बोर पंपों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों की सूझबूझ और सामूहिक प्रयास से समय रहते आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। बाद में पहुंची दमकल टीम ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि कुछ समय के लिए हालात बेहद गंभीर हो गए थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली कार्यालय परिसर में लंबे समय से साफ-सफाई नहीं की गई थी, वहां सूखी घास, कचरा और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में फैली हुई थी जिसके कारण आग ने तेजी से फैल गया। ग्रामीणों ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई और रखरखाव की मांग की है। सरपंच प्रतिनिधि गुणेश वर्मा ने बताया कि आग उनके घर के करीब तक पहुंच गई थी और यदि समय रहते नियंत्रित नहीं किया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता रविप्रकाश बंजारे ने बताया कि तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी के कारण सूखी घास में आग लगी। उन्होंने आश्वासन दिया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परिसर की नियमित सफाई की जाएगी और आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे।

