
वनस्पति शास्त्र विभाग द्वारा छात्रों के हित में हुआ आयोजन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ में वनस्पति शास्त्र विभाग द्वारा “हर्बेरियम रेज़िन आर्ट हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण” विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन 15 एवं 16 अप्रैल 2026 को किया गया। यह कार्यशाला प्राचार्य डॉ. ओ.पी. गुप्ता के निर्देशानुसार तथा सहायक प्राध्यापक एन.के. देवांगन एवं डॉ. जे.के. सखारे के मार्गदर्शन में संपन्न कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को हर्बेरियम निर्माण की पारंपरिक विधियों के साथ-साथ आधुनिक रेज़िन तकनीक से परिचित कराना था, ताकि वे वनस्पति नमूनों के संरक्षण के साथ-साथ उन्हें कलात्मक रूप में प्रस्तुत कर सकें। इस अभिनव पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ रचनात्मकता का भी विकास किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान महाविद्यालय की श्रीमती सृष्टि वर्मा, श्रीमती मोनिका एवं श्रीमती मनीषा की गरिमामयी उपस्थिति भी रही, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रशिक्षण सत्र में विद्यार्थियों को रेज़िन आर्ट के माध्यम से हर्बेरियम तैयार करने की व्यावहारिक तकनीकों का विस्तार से अभ्यास कराया गया। उन्हें पौधों के नमूनों को संरक्षित करने, डिज़ाइन तैयार करने तथा उन्हें आकर्षक कलात्मक रूप देने की विधियों से अवगत कराया गया। इससे विद्यार्थियों की कौशल क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई तथा विषय के प्रति उनकी समझ और रुचि और अधिक गहरी हुई। कार्यक्रम की संयोजक एवं वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष सुश्री भबीता मंडावी ने कार्यशाला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर्बेरियम को कला के साथ जोड़ना शिक्षा में नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक एवं सृजनात्मक दोनों स्तरों पर समृद्ध करता है। यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई, बल्कि उन्हें प्रकृति, विज्ञान और कला के समन्वय को समझने का एक सशक्त मंच भी प्रदान किया।


