KCG

स्वतंत्रता दौड़ में गूंजा टीबी मुक्त भारत का संदेश, केसीजी में हुआ जनजागरूकता अभियान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ इस बार देशभक्ति के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश लेकर निकली। दौड़ को टीबी मुक्त भारत अभियान से जोड़ते हुए जिलेवासियों को क्षय रोग के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, जनप्रतिनिधिगण, पंचायती राज संस्थाओं के सदस्य, सीएमएचओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लेकर स्वस्थ समाज और टीबी मुक्त भारत के संकल्प को मजबूती दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को टीबी के प्रमुख लक्षणों, रोग से बचाव, समय पर जांच और नियमित उपचार की जानकारी दी गई। संभावित मरीजों की जल्द पहचान कर उनकी जांच कराने तथा उपचार पूरा कराने में समाज की भूमिका पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान टीबी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और सामाजिक कलंक को दूर करने का संदेश दिया गया। लोगों से अपील की गई कि टीबी के संभावित मरीजों को नजरअंदाज करने के बजाय उन्हें जांच और उपचार के लिए प्रेरित करें तथा बीमारी से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशील और सहयोगपूर्ण व्यवहार अपनाएं। स्वतंत्रता दौड़ के माध्यम से जिले में टीबी मुक्त ग्राम, टीबी मुक्त जिला, टीबी मुक्त छत्तीसगढ़ और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को जनभागीदारी से पूरा करने का आह्वान किया गया। देशभक्ति की भावना के साथ स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देती यह पहल लोगों को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ने में महत्वपूर्ण रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page