
विद्यार्थियों ने शिक्षकों सहित स्वच्छता अपनाने का दिया संदेश
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। वर्षा ऋतु में डायरिया मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बाजार अतरिया में शनिवार को स्टॉप डायरिया अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को स्वच्छता सुरक्षित पेयजल और वर्षा जनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ ही जनजागरूकता रैली भी निकाली गई। विद्यालय के प्राचार्य आर. वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में हेल्थ केयर प्रशिक्षक सोनल वर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि बरसात के मौसम में दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन के सेवन से डायरिया उल्टी-दस्त टायफाइड मलेरिया सहित कई संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल स्वच्छ एवं ताजा भोजन करने उबला या शुद्ध पानी पीने भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ कटे हुए फल और बासी भोजन से परहेज करने की सलाह देते हुए कहा कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें तथा मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाएं। बुखार उल्टी-दस्त या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लेने पर भी जोर दिया गया है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया है। कार्यक्रम के बाद विद्यालय से विशाल जागरूकता रैली निकाली गई जो बाजार चौक मुख्य मार्गों और विभिन्न गलियों से होकर पुनः विद्यालय परिसर पहुंची। रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर स्वच्छ पानी पिएं डायरिया से बचें “साफ-सफाई अपनाएं बीमारी दूर भगाएं खुले में बिकने वाला भोजन न खाएं और रुका पानी हटाएं मलेरिया मिटाएं जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया है। स्थानीय नागरिकों ने विद्यार्थियों के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे जनस्वास्थ्य के लिए उपयोगी पहल बताया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज में भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ का सहयोग रहा है।
