KCGअपराध

बैंक लोन के मामूली विवाद ने उजाड़ा परिवार: पति ने की पत्नी की फावड़ा मारकर हत्या

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। बैंक ऋण चुकाने को लेकर चल रहे घरेलू विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। पत्नी द्वारा ऋण चुकाने के लिए लगातार दबाव बनाए जाने से नाराज एक युवक ने अपनी पत्नी पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया जिसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को ग्राम मुंदगांव निवासी कुन्ती बाई बघेल ने थाना ठेलकाडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके दामाद तारण चतुर्वेदी ने 16 जुलाई को उसकी बेटी सुरूज बाई चतुर्वेदी के सिर पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का उपचार दुर्ग के शंकराचार्य अस्पताल में चल रहा था। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 115(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस चौकी स्मृति नगर थाना सुपेला से सूचना मिली कि उपचार के दौरान सुरूज बाई की मृत्यु हो गई है। इसके बाद मर्ग जांच कर प्रकरण में हत्या की पुष्टि होने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) भी जोड़ दी गई।

आरोपी की तलाश में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। स्मृति नगर चौकी पुलिस के सहयोग से भिलाई के सूर्या मॉल के समीप एक होटल में भोजन करते समय आरोपी तारण चतुर्वेदी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि बैंक से लिए गए ऋण की अदायगी को लेकर पत्नी प्रतिदिन उससे विवाद करती थी और लगातार दबाव बना रही थी। इसी तनाव में उसने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा तथा घटना के समय पहने गए बनियान और बरमूडा बरामद कर जब्त कर लिए। आरोपी तारण चतुर्वेदी (28 वर्ष) निवासी ग्राम फत्तेपुर थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी को 19 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की त्वरित विवेचना, तकनीकी एवं स्थानीय सूचना तंत्र के समन्वय से फरार आरोपी को घटना के कुछ ही दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की आगे की विवेचना जारी है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page