
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में होंगे विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम
17 सितंबर की शाम हर घर में जलेगा आशीर्वाद का दीया
खैरागढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत गांव, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर सेवा, जनभागीदारी, नागरिक सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित सभी कार्यक्रमों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखने तथा प्रत्येक गतिविधि की समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने कहा। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स गठित की गई है और विभिन्न गतिविधियों के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों के लिए आवश्यक संसाधन, स्थल, नागरिक सहभागिता और प्रचार-प्रसार की व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान जिले में 13 प्रमुख पहल आयोजित की जाएंगी जिनके माध्यम से सेवा, नवाचार, जनभागीदारी, राष्ट्र भावना और सुशासन से जुड़े संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
17 सितंबर की शाम जिलेभर में जलेंगे 2.5 लाख आशीर्वाद के दीये
अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर की शाम आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले में इस अवसर पर 2.5 लाख दीये प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका संदेश जिले के हर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन अटल गार्डन में होगा। इसके साथ ही नगरीय निकायों, ग्रामों और अन्य स्थानों पर भी जनभागीदारी के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत के संकल्प को सामूहिक रूप से व्यक्त करने का माध्यम बनेगा। अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से बच्चों और युवाओं की कल्पनाओं में विकसित भारत की तस्वीर सामने आएगी। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के अंतर्गत संगीत एवं नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से गांव-गांव तक सेवा कार्यों की प्रेरक कहानियां पहुंचाई जाएंगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में सम्मान एवं मातृ संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी वहीं ‘सेवा की कहानी’ के तहत शासन की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक शक्ति केंद्र से 10 रील तैयार करने की पहल भी की जाएगी। ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के माध्यम से सेवा और जनकल्याण का संदेश विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ा जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत नागरिकों और संस्थाओं को अपने स्तर पर सेवा कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसी क्रम में ‘जल जन सेवा संकल्प’ के माध्यम से जल संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। अभियान में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत आभार एवं संकल्प की रंगोली जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के अंतर्गत पांच क्षेत्रीय स्तर पर नवाचार प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी वहीं ‘सुशासन सेवा संवाद’ के अंतर्गत जिले के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम से जोड़ने में सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी। इसके माध्यम से जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यक्रम की जिम्मेदारी संबंधित विभाग स्पष्ट रूप से निर्धारित करें और सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने अभियान की गतिविधियों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सेवा, सुशासन और सामाजिक सहभागिता का संदेश जिले के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
