सावन माह के पहले सोमवार शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. सावन का पावन महीना शुरू होते ही पूरे नगर में भगवान शिव के प्रति भक्ति और आस्था की लहर दौड़ पड़ी है। 14 जुलाई को सावन का पहला सोमवार होने के कारण नगर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के शिव मंदिर नया बस स्टैंड के पीछे रियासतकालीन वीरेश्वर महादेव मंदिर, राजफेमली वार्ड स्थित सिद्ध पीठ रुख्खड़ स्वामी मंदिर, इतवारी बाजार स्थित शिव मंदिर, समेत विश्वविद्यालय के कैंपस 2, नया टिकरापारा, दाऊचौरा, सिविल लाइन ऑफीसर कॉलोनी, रश्मि देवी नगर, इंद्रलोक सिटी, सोनेसरार नगर के विभिन्न शिव मंदिरों में अलसुबह से ही जलाभिषेक, पूजा-पाठ और रुद्राभिषेक का क्रम शुरू हो गया। भक्तों ने परंपरा अनुसार शिवलिंग में गंगाजल, दूध, शहद, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर महादेव की आराधना कर विशेष पूजन किया।

प्राचीन पुराणों में हिंदू मान्यताओं के अनुसार सावन माह का प्रत्येक सोमवार भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है परंतु पहला सोमवार विशेष फलदायक माना जाता है। इस दिन व्रत, पूजा और शिव आराधना का विशेष महत्व होता है। धार्मिक मान्यता है कि सावन माह में ही देवी पार्वती ने कठोर तप कर भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त किया था। ऐसा भी माना जाता है कि भगवान शिव इस महीने अपने ससुराल आते हैं इसलिए यह महीना दाम्पत्य सुख और मनोकामना पूर्ति का भी प्रतीक है। भक्तों ने की शिव नाम की गूंज से वातावरण को भक्तिमय सुबह से ही मंदिरों में हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। कई जगहों पर महामृत्युंजय जाप, शिव चालीसा पाठ और शिव पुराण कथा जैसे धार्मिक अनुष्ठान भी हुए।

Exit mobile version