
सत्यमेव न्यूज साल्हेवारा। जिले के साल्हेवारा वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने वन्य जीव तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से जंगली सूअरों का अवैध परिवहन करते हुए एक वाहन भी जब्त किया गया है। वनमंडल खैरागढ़ के वनमण्डलाधिकारी पंकज राजपूत के निर्देशन में वन विभाग की टीम लगातार वन अपराधों पर निगरानी रखे हुए है। इसी क्रम में 5 मार्च 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने साल्हेवारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो वाहन क्रमांक एमएच 35 पी 1022 को रोककर जांच की।

जांच के दौरान वाहन में दो जंगली सूअर पाए गए जिन्हें अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया गया और इसमें सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान मंगल तिल्लासी वल्द अंजोर तिल्लासी तथा हर्षदिप वल्द जगदीश चव्हान के रूप में हुई, जो वन्य प्राणियों के अवैध शिकार और परिवहन में संलिप्त पाए गए। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 50, 51, 39 एवं 48A के तहत प्रकरण दर्ज किया।

बाद में आरोपियों को न्यायालय छुईखदान में प्रस्तुत किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर सलोनी जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी साल्हेवारा दिलीप बंजारी, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी कुम्भलाल वर्मा वनपाल, सोनल पांडे वनरक्षक, बिरसिंग नायक वनरक्षक, जागेश्वर तिर्की वनरक्षक के साथ भारत यादव, भुखऊ यादव तथा सालिक सुरक्षा श्रमिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि साल्हेवारा क्षेत्र के जंगलों में वन्य प्राणियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध शिकार और वन्य जीव तस्करी को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



