KCG

सड़क हादसे में घायल मवेशी ने चार दिन बाद दम तोड़ा, व्यवस्था पर सवाल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खपरीखुर्द-चवेली मार्ग पर सड़क हादसे में घायल हुआ एक मवेशी चार दिनों तक सड़क किनारे तड़पता रहा। समय पर उपचार और रेस्क्यू नहीं मिलने के कारण आखिरकार उसकी मौत हो गई। घटना ने घायल एवं बेसहारा मवेशियों के लिए त्वरित उपचार और रेस्क्यू व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया था और चलने की स्थिति में नहीं था। इसके बावजूद वह कई दिनों तक सड़क किनारे पड़ा रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बावजूद उसे पशु चिकित्सालय पहुंचाने या सुरक्षित स्थान पर ले जाने की प्रभावी पहल नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी लगातार हादसों का कारण बन रही है। वाहन चालकों के सामने अचानक मवेशी आने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने पंचायत और पशुपालन विभाग से आवारा मवेशियों की निगरानी के साथ दुर्घटनाग्रस्त पशुओं के लिए तत्काल रेस्क्यू और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि सड़क पर घायल पशु की सूचना मिलने पर उसके उपचार और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन कब प्रभावी व्यवस्था करेगा।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page