सड़क सुरक्षा में चूक से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन पुल एक युवक के लिए काल बन गया। देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम टेकापार खुर्द निवासी रितिक यादव के रूप में हुई है। इस हादसे ने एक बार फिर निर्माणाधीन सड़कों और पुलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। प्राप्त जानकारी अनुसार रितिक यादव पिता आत्माराम यादव देर रात खैरागढ़ से अपने गांव टेकापार खुर्द मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 08 एफ 4590 से लौट रहा था। माइन स्टोन स्कूल के सामने स्थित निर्माणाधीन पुल के पास पहुंचते ही उसकी बाइक असंतुलित हो गई और वह सीधे पुल के अधूरे हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। रात का समय होने और मार्ग पर किसी के मौजूद न रहने के कारण हादसे की जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी। सुबह जब पुल निर्माण कार्य के लिए मजदूर मौके पर पहुंचे तो सड़क किनारे युवक का शव देखकर हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम हेतु खैरागढ़ सिविल अस्पताल भेजा। परिजनों ने बताया कि मृतक के माता-पिता रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहते हैं और रितिक अपने छोटे भाई-बहन के साथ गांव में रहता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह हादसा प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसियों के लिए गंभीर चेतावनी है कि निर्माणाधीन सड़कों और पुलों पर सुरक्षा संकेत, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था की अनदेखी आम नागरिकों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है। समय रहते यदि ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो ऐसे हादसे दोहराए जाने से इनकार नहीं किया जा सकता।

Exit mobile version