तीन अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई, 4,410 रुपये नकद और 156 ताश की पत्तियां जब्त

खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तीन अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4410 रुपये नकद एवं 156 ताश की पत्तियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान थाना गंडई पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर छह जुआरियों को पकड़ा। पहली कार्रवाई 4 नवंबर की रात करीब 12 बजे ग्राम ढार स्थित स्कूल के पास की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर रेड मारकर गुलशन धुरवे, खिलेश्वर जंगेल एवं राहुल यादव को 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए पकड़ा। इनके कब्जे से 800 रुपये नकद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई। दूसरी कार्रवाई 5 नवंबर की रात करीब 1 बजे गंडई के वार्ड क्र. 15 नवापारा स्थित सुलभ शौचालय के पास की गई। यहां पुलिस ने कैलाश महिलांगे, बालकिशन कुर्रे एवं परदेशी बारले को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। इनके पास से 1100 रुपये नकद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई। इसी क्रम में चौकी जालबांधा पुलिस ने 4 नवंबर की रात करीब 10:34 बजे ग्राम शेरगढ़ में स्कूल के सामने गौठान के पास जुआ खेल रहे सात लोगों को घेराबंदी कर रंगे हाथों पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में जीवन निषाद, नागेश्वर गिरी, जीवन साहू, योगेन्द्र साहू, सूरज साहू, कौशल गिरी एवं विजय वर्मा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 2510 रुपये नकद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर जमानत मुचलके पर छोड़ा गया।