मोहगांव पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 15 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

खैरागढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना मोहगांव पुलिस ने ग्राम दरबानटोला में दबिश देकर 15 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब एवं बिक्री की नकदी सहित कुल 2660 रुपये की सामग्री जब्त की है। मिली जानकारी अनुसार 4 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दरबानटोला में रामप्रसाद विश्वकर्मा अपनी झोपड़ी के सामने अवैध रूप से बिक्री के लिए कच्ची महुआ शराब रखे हुए है। सूचना पर थाना मोहगांव पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी रामप्रसाद विश्वकर्मा (44 वर्ष) पिता भैयालाल विश्वकर्मा निवासी डांडू टोला वर्तमान पता ग्राम दरबान टोला थाना मोहगांव को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 लीटर के एक जेरीकेन में भरी कच्ची महुआ शराब तथा 5 लीटर के दूसरे जेरीकेन में भरी शराब बरामद की गई। इस प्रकार कुल 15 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2250 रुपये है, जब्त की गई। इसके अलावा शराब बिक्री की 410 रुपये नकद राशि भी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना मोहगांव में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहगांव एवं पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

↑
Exit mobile version