
महाराणा प्रताप जयंती पर सेवा, संवेदना और संस्कारों का प्रस्तुत हुआ प्रेरक उदाहरण
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वीरता, स्वाभिमान और जनकल्याण के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर खैरागढ़ में सेवा और मानवीय संवेदनाओं का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला जब अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना खैरागढ़ राज परिवार की महिला पदाधिकारी एवं सदस्य वृद्धाश्रम पहुंचीं और वहां रह रहे बुजुर्गों के बीच आत्मीयता, सम्मान और सहयोग का संदेश दिया। समाजसेवा एवं मानवीय मूल्यों से प्रेरित इस विशेष सेवा कार्यक्रम में वृद्धजनों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गर्मी से राहत हेतु कूलर भेंट किया गया साथ ही फल, ओआरएस सहित आवश्यक दवाइयों एवं उपयोगी सामग्रियों का वितरण कर उनके स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की। कार्यक्रम का सबसे भावुक पक्ष वह रहा जब उपस्थित महिलाओं ने वृद्धजनों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उनका हालचाल जाना और उन्हें परिवार जैसा स्नेह प्रदान किया। लंबे समय से अपनत्व की प्रतीक्षा कर रहे कई बुजुर्गों की आंखों में इस दौरान भावनाएं साफ झलकती रहीं।


यह सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना की जिला अध्यक्ष राजकुमारी शताक्षी देवव्रत सिंह, उपाध्यक्ष डॉ.दीपाली सिंह एवं नेहा सिंह, संरक्षिका प्रो.डॉ.नीता गहरवार, सचिव श्रीमती शिप्रा सिंह एवं प्रियंका सिंह के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में संपन्न हुआ। इस पुनीत कार्य को लेकर वीरांगना महासभा ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन केवल वीरता का प्रतीक नहीं बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के प्रति दायित्व एवं संवेदनशीलता का भी संदेश देता है। उसी प्रेरणा को आत्मसात करते हुए संस्था द्वारा यह सेवा अभियान आयोजित किया गया। इस पुनीत अवसर पर वीरांगना महासभा की किरण सिंह, पूनम सिंह, पूजा सिंह, मेघा सिंह, शिवानी सिंह, शक्ति सिंह, रूपाली सिंह, हेमा सिंह, नेहा सिंह, सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी निरंतर ऐसे समाजोपयोगी और मानवीय कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

