वीबी-जीरामजी योजना पर जिला स्तरीय मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के सभा कक्ष मैकाल सदन में विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 (वीबी-जीरामजी) को लेकर जिला स्तरीय मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मीडिया कर्मियों को ऑडियो, वीडियो एवं पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजना के प्रावधानों, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। मीडिया संवाद के दौरान मीडियाकर्मियों द्वारा अधिनियम से संबंधित पूछे गए प्रश्नों का उत्तर अधिकारियों द्वारा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप दिया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आमजन तक योजना की सही, तथ्यात्मक और एकरूप जानकारी पहुँचाने के उद्देश्य से छह सप्ताह की विस्तृत जन-जागरूकता कार्ययोजना के तहत इस संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसके पहले चरण में जिला स्तरीय मीडिया संवाद संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बताया गया कि आगामी चरणों में ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक संकल्प अभियान, ग्राम सभा एवं चौपालों में चर्चा, विद्यालयों में भाषण व पेंटिंग प्रतियोगिता तथा प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा साथ ही जिला एवं जनपद स्तर के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद और 100 दिवस का रोजगार पूर्ण करने वाले श्रमिकों का सम्मान भी प्रस्तावित है।
अधिकारियों ने बताया कि वीबी-जीरामजी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करना, सुदृढ़ अवसंरचना का निर्माण, पारदर्शी मजदूरी भुगतान प्रणाली लागू करना तथा पंचायत आधारित योजना निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन को सशक्त बनाना है। अधिनियम की प्रासंगिकता, वैधानिक विशेषताओं एवं लाभों को स्पष्ट और तथ्यात्मक ढंग से जन-संवाद आधारित सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) माध्यमों से प्रस्तुत किया जा रहा है ताकि जनपद से लेकर ग्राम स्तर तक योजना की सुसंगत समझ विकसित हो सके। जिले में वीबी-जीरामजी संवाद कार्यक्रम कलेक्टर इंद्रजीत एस.चंद्रवाल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। मैकाल सदन में आयोजित मीडिया संवाद में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, जिला पत्रकार संघ के संरक्षक अनुराग शाँति तुरे, अध्यक्ष जितेंद्र गौर, पत्रकारगण नितिन भांडेकर, खिलेंद्र नामदेव, निलेश यादव, उमेश्वर वर्मा, राजेंद्र चंदेल, प्रवीण नामदेव, खिलेश वर्मा सहित मीडियाकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे।

Exit mobile version