जनसमस्याओं को लेकर विधायक के नेतृत्व में कांग्रेस ने किया कलेक्ट्रेट घेराव, सड़कों पर उतरे किसान-ग्रामीण

खैरागढ़। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने खैरागढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की देर तक झूमा-झटकी होती रही और आंदोलनकारियों ने बैरिकेट्स भी तोड़ते हुये कलेक्ट्रेट परिसर के सामने स्टेट हाइवे में बैठ गये। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण राजपूत भवन से रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। खैरागढ़ कलेक्ट्रेट के सामने धरना देकर जमकर नारेबाजी की गई और सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, बिजली, खाद, सिंचाई सहित ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा गया। प्रदर्शन के दौरान खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सड़क पर वाहनों की कतार लगने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस के प्रदर्शन में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। इनमें खपरी सिरदार से ढारा मार्ग का निर्माण, प्रधानपाठ बैराज के क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत, मूढ़ीपार में नवीन महाविद्यालय के संचालन, ठेलकाडीह में संत गुरु घासीदास बाबा नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण तथा विभिन्न स्थानों पर पुल-पुलिया निर्माण की मांग शामिल रही। विधायक हर्षिता ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क, पुल-पुलिया और शिक्षा से संबंधित कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इन विषयों को पहले भी सदन और विभिन्न मंचों के माध्यम से उठाया गया है लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना पड़ा ।

*कांग्रेस ने किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्रदर्शन का प्रमुख आधार बनाया। प्रदर्शनकारियों ने पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, शक्कर के दामों में बढ़ोतरी पर रोक, अघोषित बिजली कटौती बंद करने, खपत से अधिक बिजली बिल की समस्या दूर करने, किसानों के मुआवजे एवं बीमा राशि से जुड़े मामलों का निराकरण तथा सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की।विधायक ने कहा कि खाद, बिजली और सिंचाई जैसी समस्याओं का सीधा असर किसानों की खेती और आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है। कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि जनता की समस्याओं को केवल ज्ञापन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। शासन-प्रशासन को इन समस्याओं पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों की समस्याएं उनकी अपनी समस्याएं हैं और वे उनके निराकरण के लिए लगातार आवाज उठाती रहेंगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों और मांगों पर प्रत्येक विभाग ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई करे तथा आवेदकों को उनकी मांगों की प्रगति की जानकारी भी दी जाए।

प्रदर्शन के बाद विधायक हर्षिता स्वामी बघेल और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी वहीं राज्य शासन से संबंधित विषयों को शासन स्तर पर भेजे जाने की बात कही गई। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवाज खान, उत्तम सिंह ठाकुर, दाऊ भूपेंद्र सिंह ठाकुर, रजभान लोधी, कमलेश्वर वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मुढ़ीपार अध्यक्ष तेजराम वर्मा अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी सहित मंडल, सेक्टर और बूथ अध्यक्ष, युवा कांग्रेस पदाधिकारी-कार्यकर्ता, किसान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version