पीएम मोदी के जन्मदिन पर चमका अटल उद्यान, नियमित सफाई-रोशनी को लेकर उठे सवाल

विशेष आयोजन के लिए नगर पालिका ने कराई उद्यान की सफाई और रोशनी की व्यवस्था

सोशल मीडिया पर लोगों ने नियमित रखरखाव को लेकर उठाए सवाल

खैरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को लेकर नगर पालिका की टीम ने शहर के जर्जर एवं लंबे समय से उपेक्षित अटल उद्यान की साफ-सफाई कराई। उद्यान में सफाई के साथ प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त की गई। विशेष कार्यक्रम के लिए हुई इस व्यवस्था के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली और उद्यान के नियमित रखरखाव को लेकर सवाल उठाए हैं।स्थानीय लोगों के मुताबिक अटल उद्यान में लंबे समय से नियमित सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही थी। उद्यान की बदहाल स्थिति को लेकर समय-समय पर पालिका का ध्यान भी आकर्षित कराया जाता रहा है। लोगों का कहना है कि विशेष आयोजन के दौरान जिस तरह उद्यान की सफाई और रोशनी की व्यवस्था की गई यदि इसी तरह नियमित रूप से रखरखाव किया जाए तो उद्यान शहरवासियों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित हो सकता है। विशेष आयोजन के लिए उद्यान की सफाई होने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई। लोगों ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम ने कम से कम एक दिन के लिए उद्यान को साफ-सुथरा और रोशन जरूर कर दिया साथ ही सवाल उठाया गया कि क्या सार्वजनिक उद्यानों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था के लिए हर बार किसी बड़े आयोजन की जरूरत पड़ेगी।

नियमित सफाई व्यवस्था की मांग उठी

स्थानीय नागरिकों ने पालिका द्वारा कार्यक्रम के लिए कराई गई सफाई की सराहना करते हुए यह भी अपेक्षा जताई कि आयोजन समाप्त होने के बाद उद्यान की व्यवस्था दोबारा उपेक्षित न हो। उनका कहना है कि सार्वजनिक उद्यानों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और रखरखाव पालिका की नियमित जिम्मेदारी का हिस्सा है। ऐसे में इसके लिए किसी विशेष अवसर या कार्यक्रम का इंतजार नहीं होना चाहिए।लोगों की मांग है कि जिला मुख्यालय के एकमात्र उद्यान की नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक रखरखाव के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए ताकि शहरवासियों को रोजाना स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक स्थल मिल सके। विशेष आयोजन के बहाने हुई सफाई यदि नियमित व्यवस्था में बदलती है तो यह शहर के लिए सकारात्मक परिणाम होगा।

Exit mobile version