KCG

अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर कलेक्टर ने दिखाई सख्ती

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में हो रहे अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों को संयुक्त कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गये। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस, वन, परिवहन एवं खनिज विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

अवैध गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं- चंद्रवाल

कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी इसके लिए मल्टी-डिपार्टमेंटल फ्लाइंग स्क्वाड गठित कर निरंतर निगरानी एवं शीघ्र ही कार्रवाई होगी। कलेक्टर ने वन विभाग को निर्देश दिये कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त कर अवैध उत्खनन व परिवहन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों का अंतिम भुगतान तभी किया जाएगा जब वे चालू कार्य का रॉयल्टी चुकता प्रमाण पत्र आरसीपी प्रस्तुत करेंगे। बिना प्रमाण पत्र के किसी कार्य की पूर्णता मान्य नहीं होगी। खनिज, परिवहन, वन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर वाहनों की जांच, भंडारण स्थलों का निरीक्षण जब्ती एवं प्राथमिकी जैसी सघन कार्रवाई होगी। कलेक्टर चंद्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि वे सतत निगरानी रखें और प्रभावी संवाद के साथ अवैध गतिविधियों की जड़ समाप्त करने के ठोस प्रयास करें।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page