Uncategorized

पहली बार राज्य कबड्डी स्पर्धा में उतरी केसीजी की टीम, तीसरा स्थान हासिल कर रचा इतिहास

खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले की जूनियर बालक कबड्डी टीम ने पहली ही भागीदारी में राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। मुंगेली में 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में जिले की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। वहीं, टीम के खिलाड़ी देवेंद्र कंवर का चयन राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में केसीजी के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, खेल कौशल और संघर्ष क्षमता का परिचय दिया। टीम ने बालोद, दुर्ग, भिलाई नगर और रायपुर नगर की टीमों को पराजित कर अपनी जगह बनाई। सेमीफाइनल में केसीजी का मुकाबला बिलासपुर की टीम से हुआ। पहली बार राज्य स्तरीय स्पर्धा में हिस्सा लेकर तीसरा स्थान हासिल करना जिले के कबड्डी खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

जिला कबड्डी संघ के सचिव कन्हैया पटेल के अनुसार, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर देवेंद्र कंवर का चयन राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप के लिए किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता बिहार के गया में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होगी। देवेंद्र के चयन से जिले को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व का अवसर मिला है। टीम की इस उपलब्धि पर जिला कबड्डी संघ ने खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को बधाई दी। राज्य स्तर पर पहली ही भागीदारी में स्थान हासिल करने और खिलाड़ी के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन से जिले के खेलप्रेमियों में उत्साह है। यह सफलता स्थानीय स्तर पर कबड्डी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page