विधानसभा घेराव को लेकर हुई केसीजी जिला कांग्रेस की अहम बैठक

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आगामी 17 मार्च को प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक छुईखदान स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में कार्यक्रम के प्रभारी कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि प्रदेश में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर विधानसभा घेराव करेंगे। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जनता की आवाज को बुलंद करें। इस अवसर पर खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। विधानसभा घेराव कार्यक्रम के माध्यम से सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा। बैठक में पूर्व विधायक भुवनेश्वर बघेल, कांग्रेस नेता कमलजीत सिंह पिंटू, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती रिंकू महोबिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, छुईखदान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार पटेल, प्रदेश कांग्रेस सदस्य नीलांबर वर्मा, पूर्व अध्यक्ष आकाशदीप सिंह, भिखम छाजेड़, विधायक प्रतिनिधि यतेंद्रजीत सिंह, सुहैल खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में विधानसभा घेराव कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि यह कार्यक्रम जनता की आवाज को मजबूती देने का माध्यम बनेगा।

Exit mobile version