विक्रांत के प्रयास से केसीजी जिले में दो नए महतारी सदन निर्माण को मिली मंजूरी

महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ सरकार ने महिला सशक्तिकरण को नई गति देते हुए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में दो नए महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। यह निर्णय जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह की पहल पर लिया गया है। खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम अकरजन और छुईखदान ब्लॉक के ग्राम बुंदेली में इन महतारी सदनों का निर्माण होगा। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने इसकी औपचारिक घोषणा की। स्वीकृति के साथ ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इससे पूर्व छुईखदान ब्लॉक के ग्राम खैरबना में महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी थी। अब इन दो नए सदनों के लिए लगभग 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। महतारी सदन महिलाओं के लिए बहुउद्देशीय मंच का कार्य करेगा जहां स्व-सहायता समूहों की बैठकें, प्रशिक्षण, आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी। इन भवनों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूत सहयोग मिलेगा।जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं सहित सभी वर्गों के उत्थान के लिए योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता मिल रही है और अब महतारी सदन उन्हें स्थायी मंच भी उपलब्ध कराएगा।उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में जिले की अन्य पंचायतों में भी महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति दिलाने का प्रयास होगा। साथ ही इस निर्णय के लिए उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार भी जताया। यह पहल ग्रामीण समाज में महिला नेतृत्व को सशक्त करेगी और स्थानीय स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों में नई ऊर्जा प्रदान करेगी।