KCG

खैरागढ़ के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ.महेश मिश्रा का निधन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ.महेश मिश्रा का गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे रायपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 76 वर्ष के थे। बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे डॉ.मिश्रा का उपचार जारी था लेकिन स्वास्थ्य में लगातार गिरावट के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से खैरागढ़ सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। डॉ.महेश मिश्रा ने खैरागढ़ के इतवारी बाजार क्षेत्र में संचालित आईटीजी अस्पताल के माध्यम से करीब चार दशक तक क्षेत्रवासियों को अपनी चिकित्सा सेवाएं प्रदान की। चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने के साथ ही वे समाजसेवा के क्षेत्र में भी अग्रणी व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते रहे।

डॉ.मिश्रा को मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के क्षेत्र में विशेष खोज एवं शोध पत्र के लिए प्रतिष्ठित कोलंबो अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका था। चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

डॉ.मिश्रा का सामाजिक सरोकार केवल चिकित्सा सेवा तक सीमित नहीं था। जिले के आदिवासी एवं पिछड़े क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग से क्षेत्र के अनेक विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा हासिल कर अपने जीवन को नई दिशा दी और आज आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं। डॉ.महेश मिश्रा अपने पीछे पुत्रियां तरंग, सुमेधा, धीरा, शुभदा एवं मानवी मिश्रा सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से चिकित्सा जगत, सामाजिक क्षेत्र और खैरागढ़वासियों ने एक संवेदनशील चिकित्सक एवं सेवाभावी व्यक्तित्व खो दिया है।

डॉ मिश्रा का पार्थिव शरीर रायपुर से खैरागढ़ लाया जा रहा है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार 28 अगस्त को सुबह 11:30 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों और परिचितों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page