
शीघ्र कार्यवाही नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं कोटवार
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्राम दल्ली खोली में शीघ्र ही कोटवार नियुक्त करने कोटवार संघ ने खैरागढ़ तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कोटवार संघ के जिलाध्यक्ष बिरेश कुमार, उपाध्यक्ष, सचिव, संगठन मंत्री अंजोर सिंह, जयराम, दुलार दास, त्रिलोक दास व प्यारेलाल मेश्राम सहित सदस्यों ने बताया है कि उपतहसील जालबांधा में कोटवार नियुक्ति का कई मामला अधर में लटका हुआ है जिससे जिला कोटवार संघ आहत है। एसआईआर कार्य के कारण दल्ली खोली में कोटवार नियुक्ति का मामला बीते चार माह से रूका हुआ है। कोटवार संघ ने एसआईआर कार्य समाप्त होते ही दल्ली खोली में कोटवार नियुक्त करने की मांग की है। शीघ्र कोटवार नियुक्त नहीं होने की स्थिति में जिला केसीजी कोटवार संघ ने शासन-प्रशासन के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की बात कही है।