KCG

राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित हुए नवाचारी शिक्षक भगवती प्रसाद सिन्हा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शिक्षण को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर गतिविधि आधारित एवं नवाचारी शिक्षा को बढ़ावा देने वाले खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम बैहाटोला प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक भगवती प्रसाद सिन्हा का चयन राज्य शिक्षक पुरस्कार 2026-27 के लिए किया गया है। रायपुर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने उनके चयन की घोषणा की। शिक्षक सिन्हा ने विद्यालय में स्मार्ट टीवी, खेल-खेल में शिक्षा, गतिविधि आधारित शिक्षण और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर बच्चों के लिए सहज एवं आनंददायी शैक्षणिक वातावरण विकसित किया। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों में कक्षानुरूप दक्षताओं के साथ मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता के विकास को भी गति मिली। शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचारों और सामूहिक सहभागिता से शाला संसाधनों में वृद्धि के प्रयासों को शासन स्तर पर भी सराहना मिली है। बैहाटोला प्राथमिक शाला को छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक नवाचारों के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया है। समग्र शिक्षा द्वारा प्रकाशित सामग्री में भी शाला के एफएलएन (मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता) संबंधी प्रयासों की सराहना की गई है। शिक्षक सिन्हा को वर्ष 2016 में शिक्षादूत पुरस्कार तथा 2023 में संभागीय उत्कृष्ट प्रधानपाठक पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर उनकी नवाचारी शिक्षण शैली के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page