

बैठक में कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने के संकेत दिए हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति (एनकॉर्ड) की बैठक में मादक पदार्थों की अवैध खेती तस्करी की रोकथाम नशा मुक्ति अभियान और प्रवर्तन संबंधी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में राजस्व वन और पुलिस विभाग को अफीम गांजा तथा अन्य मादक फसलों की पहचान और रोकथाम के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों से कहा गया कि मैदानी अमले को ऐसी फसलों की पहचान संबंधी जानकारी और चित्र उपलब्ध कराए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की अवैध खेती का समय रहते पता लगाकर कार्रवाई की जा सके। एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त वाहनों से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजसात और नीलामी की लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रकरणवार समीक्षा कर समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले में संचालित नशा मुक्ति और पुनर्वास सेवाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पुनर्वास केंद्रों की सुविधाओं और क्षमता बढ़ाने आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक उपचार और परामर्श सेवाएं पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा। औषधि नियंत्रण विभाग को लाइसेंसधारी मेडिकल दुकानों एवं संस्थानों में नियंत्रित दवाओं के स्टॉक का नियमित निरीक्षण और भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में की जा रही कार्यवाहियों की जानकारी दी। कलेक्टर ने सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने का आह्वान किया है।
