गंडई-पंडरिया। ग्राम लिमो स्थित शासकीय हाई स्कूल में नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा रही। मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण करते हुए विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही किसी समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। अतिरिक्त कक्ष के बन जाने से अब विद्यार्थियों को बैठने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और वे शांत एवं अनुकूल वातावरण में अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
