
विश्व रक्तदाता दिवस पर टिकेंद्र ने किया 19वां रक्तदान
युवाओं को दिया मानव सेवा और स्वैच्छिक रक्तदान का संदेश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर ग्राम टेकापार कला निवासी समाजसेवी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र टिकेंद्र वर्मा ने अपना 19वां स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्त की आवश्यकता की सूचना मिलते ही वे शासकीय मेडिकल कॉलेज पेंड्री पहुंचे और जरूरतमंद मरीज के लिए रक्तदान कर जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टिकेंद्र लंबे समय से रक्तदान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे नियमित रूप से रक्तदान करने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराने, रक्तदान शिविरों के आयोजन तथा रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य भी कर रहे हैं। उनके प्रयासों से अनेक युवा स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित हुए हैं। विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान के बाद टिकेंद्र वर्मा ने कहा कि रक्तदान केवल महादान नहीं बल्कि जीवनदान है। किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त मिलना उसके जीवन को बचाने के साथ पूरे परिवार को नई उम्मीद देता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ रहते हुए नियमित रूप से रक्तदान करने और मानव सेवा के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। समाज सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें वर्ष 2024 में राष्ट्रीय सेवा योजना का राज्य स्तरीय पुरस्कार भी प्रदान किया जा चुका है। लगातार 19वीं बार रक्तदान कर टिकेंद्र वर्मा ने एक बार फिर यह साबित किया है कि सेवा और संवेदनशीलता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उनके इस कार्य की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है और वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।