अपराध

राजनांदगांव स्टेट हाइवे में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी

खैरागढ़ । ग्राम पेंड्री और बढ़ईटोला के बीच मंगलवार सुबह सड़क किनारे करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। युवक की पहचान अब तक नहीं हो पायी है। पुलिस ने उसकी पहचान के लिए सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष है। उसने बैंगनी रंग की फूल बांह वाली टी-शर्ट तथा नीला-सफेद चेकदार लोअर पहन रखा था। उसकी पहचान के तौर पर दाहिने हाथ में राखी, काला धागा एवं मौली तथा दाहिने पैर में काले रेशम का धागा बंधा हुआ है। पुलिस ने बताया कि शव ग्राम पेंड्री एवं बढ़ईटोला के मध्य सड़क किनारे मिला है।

प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि प्रथमदृष्टया शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट या अधिक खरोंच के स्पष्ट निशान सामने नहीं आए हैं। शव सड़क किनारे मिलने के बावजूद घटनास्थल पर कोई दुर्घटनाग्रस्त वाहन नहीं मिला है। युवक की चप्पल भी मौके पर नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस विभिन्न संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। स्थानीय स्तर पर युवक की मौत को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। किसी संभावना को लेकर पुलिस ने फिलहाल कोई पुष्टि नहीं की है। युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है अथवा किसी अन्य कारण से, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मृतक के हुलिए और कपड़ों की जानकारी सार्वजनिक करते हुए अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त युवक के संबंध में कोई जानकारी हो या कोई व्यक्ति लापता हो तो तत्काल थाना खैरागढ़ को सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page